इनर व्हील क्लब ने कुष्ठ रोगियों को खाद्य सामग्री एवं कंबल वितरित किए
एंटी पावर्टी डे एवं सीनियर सिटीजन केयर परियोजना के अंतर्गत इनर व्हील क्लब की पदाधिकारियों ने चंडीघाट स्थित चिदानंद कुष्ठ आश्रम में सेवा कार्यों का आयोजन किया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आश्रम के निवासियों को चावल, दाल एवं खाद्य तेल, वस्त्र तथा प्राथमिक उपचार हेतु बैंडेज, कॉटन एवं सेवलॉन की शीशीयां प्रदान की। सीनियर सिटीजन केयर परियोजना के तहत आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए गए। इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष मंजू वत्स ने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं उपेक्षित वर्ग की सेवा करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। कोषाध्यक्ष मोनिका मोदी ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। आईएसओ विभा गर्ग ने बताया कि क्लब ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। इस अवसर पर क्लब की पूर्व अध्यक्ष रुचिता सक्सेना, सदस्य संध्या कर्णवाल, प्रतिभा राय, पूजा अरोड़ा, अनूप सुबुद्धि, रेणुका आहुजा, पुष्पा आर्य एवम शैली सिंह मांधाता प्रमुख रूप से शामिल रहे।
2026-11-04




















