बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 80 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन ने किया प्रतियोगिता का आयोजन
बॉक्सिंग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर किया जाएगा प्रतियोगिता का आयोजन-अशोक अग्रवाल
हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इमलीखेड़ा स्थित राधे राधे बॉक्सिंग अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के 80 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक व प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरूस्कृत किया गया। मुख्य अतिथी राज्यमंत्री अजीत चौधरी, हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के संरक्षक अशोक अग्रवाल, सचिव नवीन चौहान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथी राज्यमंत्री अजीत चौहान ने कहा कि खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कई योजनाओं का संचालन कर रहे हैं। जिसका लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से ही खेलों में उच्च मुकाम हासिल किया जा सकता है। हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के संरक्षक अशोक अग्रवाल एवं सचिव नवीन चौहान ने कहा कि जनपद में बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को अवसर देने के लिए निरंतर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। हरिद्वार जनपद में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता खिलाड़ियों को अवसर देने की है। प्रतियोगिताओं के निरंतर आयोजन से खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। जिससे अनेक प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आएंगे। इस अवसर पर अमन त्यागी, अमित पाल, रमा सैनी, विपिन चौधरी, रविंद्र गुप्ता, महावीर प्रसाद मित्तल सहित कई लोग मौजूद रहे।