ई कार्ट और सिटी बस योजना के विरोध में ऑटो-विक्रम व ई-रिक्शा चालकों का प्रदर्शन

ई कार्ट व सिटी बस चलाने की योजना के खिलाफ ऑटो व ई रिक्शा चालकों ने किया नगर निगम में प्रदर्शन
ऑटो विक्रम ई रिक्शा संयुक्त महासंघ ने प्रशासन की ई कार्ट, सिटी बस योजना का विरोध करते हुए मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार का घेराव कर धरना दिया और ज्ञापन सौंपा गया। मुख्य नगर आयुक्त के आश्वासन पर महासंघ ने धरना समाप्त कर दिया। शहर में ई कार्ट और सिटी बस चलाने की प्रशासन की योजना का विरोध कर रहे महासंघ ने नगर निगम में धरना प्रदर्शन कर ऐलान किया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सैकड़ों की संख्या में ऑटो विक्रम व ई रिक्शा चालकों और स्वामियों ने ऋषिकुल मैदान से नगर निगम तक पैदल मार्च करते हुए नगर निगम पहुंचे और योजना का विरोध करते नारेबाजी के साथ धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान महासंघ के अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा और राजू मनोचा ने कहा कि प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। शहर में 14 हजार से अधिक ई रिक्शा, ऑटो, विक्रम संचालित हो रहे हैं। ई कार्ट और सिटी बस के संचालन से हजारों ऑटो व ई रिक्शा चालक बेरोजगार हो जाएंगे। ई कार्ट और सिटी बस के संचालन से यातायात भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि अपना रोजगार बचाने के लिए सड़क पर उतरना मजबूरी हो गया है। नवीन तेश्वर, विष्णु अरोड़ा ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। रोजगार को ठेका प्रथा में ले जाया जा रहा है। पहले ई रिक्शा फिर धीरे धीरे ऑटो, विक्रम बंद किए जाएंगे। सरकार रोजगार छीनने से पहले अन्य रोजगार उपलब्ध करवाए। नई योजना से बहुत गरीब परिवार प्रभावित होंगे। आर्थिक संकट पैदा हो जाएगा। मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि ई कार्ट और सिटी बस संचालन की योजना धर्मनगरी के लिए बहुत अच्छी है। इससे किसी का रोजगार प्रभावित नहीं होगा। जीरो ज़ोन में बुजुर्गों के लिए योजना चलाई जाएगी। धरना प्रदर्शन करने वालों में कपिल बिश्नोई, सर्वेश राय, सुभाष सिंह, दीपक उपाध्याय, सुशीला, गुड्डी, प्रेम कुमार, गोपाल साहू, जाकेश गिरी, परमिंदर, रविंद्र, भरत पंजवानी, देबू कोरी, सलीम कुरेशी, दीपक सिंह, रंजीत सिंह, संजीव, पवन अरोड़ा, अमर मिश्रा, सुमित कुमार, हरेंद्र सिंह, दीपक सिंधी, आदेश पंडित, मांगेराम, हरीश अरोड़ा, रविंद्र कुमार, मुशीर, लोकेश कुमार, जगदीश भारद्वाज, रोहित, संजीव, कालूराम, शिवम चौधरी, नौशाद, इमरान, हरेन्द्र सिंह, राजेंद्र सिंह, अनिल कुमार, अमन कुमार, लोकेश, साजिद, गुलफाम, साकेत, रहमान आदि सहित बड़ी संख्या में चालक व मालिक शामिल रहे।