दीपावली से पूर्व साफ सफाई कराए प्रशासन-पराग चाकलानहरिद्वार, 1 नवम्बर

ज्वालापुर सीएचसी की पानी की टंकी के पास लगा कूड़े और झाड़ियों का अंबार
दीपावली से पूर्व साफ सफाई कराए प्रशासन-पराग चाकलान
हरिद्वार, 1 नवम्बर। ज्वालापुर के चौक बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पानी की टंकी के आसपास झाड़िया और कूड़े के ढेर से स्थानीय व्यापारियों और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी पराग चाकलान ने दीपावली से पूर्व पानी की टंकी के आसपास साफ सफाई कराने की मांग की है। पराग चाकलान ने कहा कि शासन-प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को पानी की टंकी के आसपास उगी झाड़ियों और कूड़े के ढेर को हटाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही अस्पताल परिसर में पानी की टंकी के पास की दीवार गिर गई थी। मौके पर भारी मात्रा में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में रोगी उपचार कराने पहुंचते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को भी समस्या का संज्ञान लेना चाहिए। पराग चाकलान ने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में पानी की टंकी पर झाड़-झंखाड़ उगने से सांप-बिच्छू निकलने की संभावना भी बनी हुई है। प्रशासन द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पराग चाकलान ने कहा कि चौक बाजार व्यस्ततम बाजार है, जहां दिन-रात लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही रहती है। उन्होंने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जनहित में पानी की टंकी के आसपास लगी गंदगी का निस्तारण करने की अपील की है।