हरकी पैड़ी क्षेत्र में हुड़दंग और मारपीट पर उतारू 8 लोग गिरफ्तार
पुरोहित मोड़ के पास हंगामा कर रहे लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, शांति व्यवस्था भंग होने पर किया गिरफ्तार
हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में हुड़दंग, गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू आठ लोगों को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 1 नवंबर 2026 को हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान पुरोहित मोड़ के पास कुछ लोगों के बीच लड़ाई-झगड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कुछ व्यक्ति हंगामा करते हुए गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू थे। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और अधिक उत्तेजित होकर आमादा फसाद हो गए।
संज्ञेय अपराध की आशंका और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके से आठों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को नियमानुसार सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, कांस्टेबल शिव शंकर, रमेश चौहान और मानसिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




















