दीपावली से पहले अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेस नेत्री आयुषी टंडन ने जताई नाराजगी

अघोषित बिजली कटौती पर कांग्रेसी नेत्री आयुषी टंडन ने जताई नाराजगी
कांग्रेस नेत्री आयुषी टंडन ने दीपावली पर्व नजदीक होने के बावजूद अघोषित बिजली कटौती को लेकर ऊर्जा निगम की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। आयुषी टंडन ने कहा कि दिनभर बिजली के कट लगने से व्यापार के साथ घरेलू कार्य भी बाधित हो रहे हैं। रानीपुर मोड़, खन्ना नगर, न्यू हरिद्वार, विकास कॉलोनी और अन्य शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के व्यापारी हताश और निराश हैं। ऊर्जा प्रदेश होने के बाद भी उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति ठीक से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के चलते रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होने से महिलाएं परेशान हैं। व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं और विभाग के अधिकारी कर्मचारी बिजली गुल रहने की सही जानकारी भी उपभोक्ताओं को नहीं दे रहे हैं। जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। आयुषी टंडन ने मांग की कि त्योहारों को देखते हुए अघोषित बिजली कटौती पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।