हरिद्वार। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की हरिद्वार इकाई के तत्वावधान में अमर शहीद एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। प्रेस क्लब सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, कार्यक्रम अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान एनयूजेआई के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा एवं महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने अतिथियों को फूलमाला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न, शंख और रुद्राक्ष की माला भेंटकर सम्मानित किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं दायित्वों की शपथ दिलाई। समारोह में पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमित शर्मा ने किया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के संघर्ष में अनुकरणीय योगदान देने वाले अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन से पत्रकारों को प्रेरणा लेनी चाहिए। पत्रकारिता के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों को सतर्कता, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम अध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपना जीवन देश और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान पत्रकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार सत्यता की परख कर समाज में व्याप्त विसंगतियों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने लाते हैं। प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार पत्रकारिता के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक क्षेत्रों में भी सराहनीय योगदान दे रहे हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्य वक्ता अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि पत्रकारिता लगातार बदलाव के दौर से गुजर रही है। सोशल मीडिया के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पत्रकारिता के सामने नई चुनौती के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार और मीडिया संस्थान सभी पक्षों को जानने-समझने के बाद ही खबर प्रकाशित करते हैं और उसके प्रति जवाबदेह होते हैं। इसलिए बदलते तकनीकी दौर में भी पत्रकारिता की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने अंग्रेजी शासन के दौर में समाचार पत्र निकालकर स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया। सामाजिक सद्भाव और एकता के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा।
एनयूजेआई के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा एवं महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी ने कहा कि संगठन पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी का पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों पर चलकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार पत्रकारिता के साथ अपने सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन कर रहे हैं। अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी ने कठिन परिस्थितियों में समाचार पत्र का प्रकाशन कर देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रामचंद्र कन्नौजिया एवं सुनील दत्त पांडे ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में बालकृष्ण शास्त्री, राहुल वर्मा, आदेश त्यागी, विजेंद्र हर्ष, प्रतिभा वर्मा, ललितेंद्र नाथ, कुलभूषण शर्मा, राधेश्याम विद्याकुल, गुलशन नैयर, आशीष मिश्रा, केके पालीवाल, स्वरूप पुरी, संदीप रावत, अवधेश शिवपुरी, राजेंद्रनाथ गोस्वामी, श्रवण कुमार, लव कुमार, मयूर सैनी, महताब आलम, रोहित सिखोला, संदीप शर्मा, रामेश्वर गौड़, दीपक नौटियाल, अनिल भास्कर, रमन कुमार, नितिन राणा, सुनील पाल, तनवीर अली, संतोष कुमार, अमरीश कुमार, सुमित यश कल्याण, पुलकित मिश्रा, हरीश, रजत चौहान, रविंद्र कुमार, सचिन, विकास कुमार, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र गोदियाल, विकास झा, शिवा अग्रवाल एवं मनोज खन्ना सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा, चौधरी चरण सिंह, पराग चाकलान, मृदुल कौशिक, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, कांग्रेस नेत्री अंजू द्विवेदी, विमल कुमार, संतोष चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, अंजू मिश्रा, शशि झा, वैद्य एमआर शर्मा, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, मनु शिवपुरी, कमल जोशी, पूर्व सभासद अशोक शर्मा एवं कमल खड़का सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




















