हरिद्वार नगर विधानसभा से उज्ज्वल पंडित ने ठोकी दावेदारी

हरिद्वार नगर विधानसभा से उज्ज्वल पंडित ने ठोकी दावेदारी, भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा आवेदन व बायोडाटा

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हुए तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित, दो दशक से अधिक के कार्यों के आधार पर टिकट मिलने की जताई उम्मीद

आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने विधानसभा क्षेत्र संख्या 25 हरिद्वार नगर से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।

उज्ज्वल पंडित ने मां गंगा की कृपा और भगवती के आशीर्वाद के साथ भाजपा के सम्मानित जिलाध्यक्ष पंडित आशुतोष शर्मा को अपना आवेदन एवं बायोडाटा सौंपा।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनके पिछले दो दशक से अधिक के कार्यों और सेवा भाव को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार नगर की सेवा करने का अवसर प्रदान करेगा।

उज्ज्वल पंडित ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्यों में जुटे हैं। अब वह विधानसभा चुनाव 2027 के माध्यम से हरिद्वार नगर की जनता की सेवा करने का अवसर चाहते हैं।

उनकी दावेदारी के साथ ही हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होने लगी हैं।