कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में 11वें दिन भी जारी रहा स्वच्छता महाअभियान

कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में 11वें दिन भी जारी रहा स्वच्छता महाअभियान

हनुमान घाट से कुशा घाट, विष्णु घाट और कनखल श्मशान घाट तक चला सफाई अभियान, विभिन्न संस्थाओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संचालित विशेष स्वच्छता महाअभियान शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। कुंभ मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में नगर निगम, जिला पंचायत, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया।

अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने हनुमान घाट से कुशा घाट एवं विष्णु घाट तक तथा आयरिश पुल से कनखल श्मशान घाट तक सफाई अभियान संचालित किया। इस दौरान घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में कूड़ा और अपशिष्ट एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।

वहीं, जिला पंचायत हरिद्वार द्वारा बहादराबाद विकासखंड के पृथ्वीराज चौक एवं रोशनाबाद के हेतमपुर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान 46 किलोग्राम प्लास्टिक एवं पॉलीथिन एकत्रित कर निस्तारण के लिए बहादराबाद स्थित कंपैक्टर शेड भेजी गई।

राष्ट्रीय पंजाबी महासभा, गुरुनानक देव जी घाट समिति एवं आदर्श विकास समिति के सदस्यों ने रानीपुर स्थित गुरुनानक देव जी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अलावा श्री गंगा सभा, नगर निगम, जिला प्रशासन, पन्नालाल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं तथा एकम्स और मिश्री मठ के अनुयायियों द्वारा हरकी पैड़ी क्षेत्र के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें हजारों अनुयायियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। अभियान के दौरान दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से एकत्रित कूड़े को निस्तारण के लिए भेजा गया।

जिला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला-2027 से पूर्व गंगा घाटों, मंदिर परिसरों, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए जनसहभागिता के माध्यम से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। इसमें सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवियों, विभागीय कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

जनसहभागिता से स्वच्छ हरिद्वार का संकल्प

जिला प्रशासन ने आमजन एवं सामाजिक संगठनों से स्वच्छता महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। साथ ही गंगा घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा कपड़ों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराने का आग्रह किया है, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके।

प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही कुंभ मेला-2027 से पूर्व हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

ये रहे मौजूद

स्वच्छता अभियान में मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर करोली शंकर महाराज, नया उदासीन अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धूनी दास महाराज, भारत साधु समाज के महंत ऋषिवरानंद महाराज, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, योगी आशुतोष स्वामी, घाट समिति अध्यक्ष हरमोहन तनेजा, आदर्श विकास समिति के सदस्य, मातृशक्ति, वरुण भाटिया, लक्ष्मण सिंह सेठी, सतनाम भाटिया सहित अनेक स्वयंसेवक एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।