हरिद्वार हरेला पर्व के अवसर पर नगर वन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया पौधारोपण

हरेला पर्व के अवसर पर नगर वन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया पौधारोपण,जनपद में 5 लाख 82 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य किया गया निर्धारित

हरेला पर्व के अवसर पर वन विभाग के तत्वावधान में हरित दिवस पर 30 हजार पौधों का रोपण किया गया। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वर्ष 2026-27 में जनपद में 5 लाख 82 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से पर्यावरण को नया जीवन मिलता है तथा पेड़ों के माध्यम से वायु शुद्ध होती है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों और औषधीय पौधों को सदैव पूजनीय माना गया है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार के संयुक्त प्रयासों से ही हरित, स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड का निर्माण संभव होगा तथा पर्यावरण संरक्षण जन-आंदोलन बनेगा।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने कहा कि ऋषि-मुनियों के आश्रम, मठ, मंदिर और कुटियाओं ने सदैव प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पीपल, बरगद और नीम जैसे वृक्ष पर्यावरण और मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी हैं तथा इनके रोपण की परंपरा हमारे पूर्वजों ने विकसित की थी। हरेला उत्तराखंड की संस्कृति और प्रकृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि औषधीय एवं फलदार वृक्षों का रोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है और सभी को पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि हरेला के अवसर पर हरित दिवस के तहत एक ही दिन 30 हजार पौधों का रोपण किया गया, जबकि शेष लक्ष्य वर्षभर विभिन्न चरणों में पूरा किया जाएगा।
उधर पथरी में हरेला पर्व के अवसर पर फेरूपुर इंटर कॉलेज में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाकर उनका संरक्षण और पालन-पोषण करना चाहिए।
इस अवसर पर मेयर नगर निगम किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, लव शर्मा, आशु चौधरी, विक्रम भुल्लर, अपर मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय नागरिक, जिलास्तरीय अधिकारी तथा वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।