कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, मेलाधिकारी सोनिका ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, मेलाधिकारी सोनिका ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, प्रशासनिक रोड और चंडी चौक डबल लेन अंडरपास का काम समय पर पूरा करने के निर्देश

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।


उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक, कनखल सहित विभिन्न क्षेत्रों में चौराहों और सड़कों के सुधार, सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पेयजल व्यवस्था और घाटों से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
देर शाम मेलाधिकारी ने प्रशासनिक रोड परियोजना और चंडी चौक के निकट निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।


मेलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के तहत प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए पर्ट चार्ट बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके और प्रगति का आकलन निर्धारित समयसारिणी के अनुसार किया जा सके।
उन्होंने चंडी चौक के सुधार कार्यों और क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन के चौड़ीकरण की भी समीक्षा की। मेलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाते हुए जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए सड़क सुधार से जुड़ी परियोजनाओं का समय पर पूरा होना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।