हरिद्वार में सुबह 4 बजे से परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान, 62 वाहनों के चालान, 4 बसें सीज
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शनिवार सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर चार बसों को सीज कर दिया गया।
अभियान में स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों पर विशेष ध्यान दिया गया। परिवहन विभाग की टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस, रिफ्लेक्टर, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान परमिट शर्तों के उल्लंघन, पर्यटक परमिट का निर्धारित उद्देश्य से अलग इस्तेमाल और वाहनों की स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन की टीम ने बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की। अधिकारियों ने कहा कि लंबी दूरी की यात्री बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। इसी को देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मालवाहक वाहनों की भी हुई जांच
विशेष अभियान के दौरान बसों के अलावा अन्य व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की भी जांच की गई। ओवरलोडिंग, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहनों के चालान किए गए।



परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित होने वाली और बाहर से आने वाली स्लीपर, लग्जरी व पर्यटक बसों की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, परमिट की शर्तों, तकनीकी मानकों और यात्री सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों एवं संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




















