डा.नरेश चौधरी ने दिया कुंभ मेला पुलिस को प्रशिक्षण
इंडियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमेन प्रोफेसर डा.नरेश चौधरी ने सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र में कुंभ मेले में तैनात होने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया। सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र में अनुभवी एवं विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा कुंभ मेला पुलिस को प्रशिक्षत किया जा रहा है। 4 दशक से विभिन्न कुंभ एवं अर्द्धकुंभ मेलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्नान पर्वों में चुनौतीपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने वाले अनुभवी विशेषज्ञ इंडियन रेडक्रास उत्तराखण्ड के चेयरमेन प्रोफेसर डा.नरेश चौधरी ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण के दौरान जानकारी देते हुए बताया हरिद्वार में कुंभ के छह वर्ष बाद अर्द्धकुंभ मेले का आयोजन होता है। हरिद्वार में जब अर्द्धकुंभ का आयोजन होता है तो उसी दौरान उज्जैन में कुंभ मेले का आयोजन किया जाता है। लेकिन हरिद्वार में पिछले कुंभ मेले का आयोजन 12 वर्ष के अंतराल के बजाए 11 वर्ष के अंतराल पर हुआ है। लेकिन उज्जैन में कुंभ मेले का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2028 में ही होगा। 2027 में नासिक में होने वाला कुंभ मेला हरिद्वार कुंभ मेला संपन्न होने के बाद जुलाई में होगा। ऐसे में अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाले अर्द्धकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रहने का अनुमान है। डा.नरेश चौधरी ने कहा कि कुंभ मेला 2027 में सभी विभागों, स्वंयसेवी संस्थाओं, सामाजिक संस्थाओं तथा स्वंयसेवकों को अत्यन्त संवेदनशीलता एवं कर्मठता से अपने दायित्वों का निर्वहन करना है। हरिद्वार में होने वाले स्नान पर्वों में स्थानीय निवासियों, दुकानदारों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, स्वंयसेवी संस्थाओं, होटल, धर्मशालाओं के पदाधिकारियों के साथ स्वंयसेवकों की अहम भूमिका होती है। इन सभी की सक्रिय सहभागिता से कुंभ मेला एवं बड़े से बड़े स्नान पर्व निर्विघ्न सरलता, सहजता से सम्पन्न होते हैं। मेले में कार्य करने वाली संस्थाओं, मेला प्रशासन, मेला पुलिस को आवश्यक रूप से सभी से परस्पर सामंजस्य स्थापित करते हुए आवश्यकतानुसार सभी का सहयोग लेना है।
2026-10-20




















