गांधी जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि

सपा कार्यकर्ताओं ने दी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनेगी की सपा की सरकार-राजपाल कश्यप
उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में शानदार प्रदर्शन करेगा इंडिया गठबंधन-महंत शुभम गिरी
गांधी जयंती के अवसर पर सपा प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ललतारौ पुल स्थित कार्यालय पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य राजपाल कश्यप भी मौजूद रहे। प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी, वरिष्ठ सपा नेता मशकूर कुरैशी व डा.राजेंद्र पाराशर ने फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। पत्रकारों से बात करते हुए राजपाल कश्यप ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को समाप्त कर रही है। देश में आपातकाल जैसे हालत हैं। विरोध में उठने वाली आवाजों को दबाया जा रहा है। चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्था में भी सुनवाई नहीं हो रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनना तय है। उत्तर प्रदेश के साथ अन्य राज्यों में भी पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। सपा के उत्तराखंड प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है। महंगाई आसमान छू रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सपा का संघर्ष जारी है। जनता भी संघर्ष में साथ आ रही है। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में भी शानदार प्रदर्शन करेगा और दोनों राज्यों में सरकार बनाएगा। इस दौरान डा.राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव विजय कश्यप, बिजनौर जिलाध्यक्ष बीके कश्यप, अजय अग्रवाल, मंगल सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।